फर्रुखाबाद निवासी युवक से दुष्कर्म के मामले में समझौता कराने के नाम पर दो युवकों ने पांच लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। मामले में समझौता न होने पर पीड़ित ने बिधूना पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में दो नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र नील करौली निवासी अजय कुमार ने बिधूना पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 16 अप्रैल को बिधूना कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने उसके भाई विजय पर दो सालों तक जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले को रफा-दफा करवाने के लिए बिधूना के चंदरपुर रोड निवासी मधुकर व किशनी रोड निवासी अंकित उर्फ लकी ने उससे युवती का करीबी बनकर संपर्क किया।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने मामले में समझौता कराने के नाम पर उनसे पांच लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। कई दिनों तक समझौता न होने पर उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगा तो आरोपियों ने गालीगलौज कर उसे भगा दिया। कोतवाली प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो नामजदों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।