बिधूना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में दो दिन से सीबीसी मशीन का सेंसर खराब पड़ा है, जिसकी वजह से खून की जांच बंद पड़ी हुई। इससे जांच कराने पहुंच रहे मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। इसके चलते उन्हें प्राइवेट लैब पर जाकर जांच कराने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सीएचसी बिधूना में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। जहां बुखार के साथ अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को चिकित्सकों के द्वारा लिखी जाने वाली सीबीसी आदि खून संबंधी जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। दो दिन से पड़ रही भीषण गर्मी के चलते सीबीसी मशीन का सेंसर ने काम करना बंद कर दिया है। ऐसे में मशीन में खराबी आ जाने से मरीजों को बाहर से जांच करवाकर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गुरुवार को लगभग दो सौ मरीज देखे गए।
इसमें लगभग एक चौथाई से ज्यादा मरीजों को खून संबंधी जांचें भी लिखी गईं। जिन्हें मजबूरी में बाहर से जांच कराना पड़ा। इस संबंध में सीएचसी बिधूना अधीक्षक बीपी शाक्य ने बताया मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। इसके लिए इंजीनियर आया था, लेकिन मशीन सही नहीं हो सकी है। इंजीनियर ने बताया कि मशीन के सेंसर में कमी होने से ठीक नहीं हो सकता है। ऐसे में नया सेंसर मंगाया गया है। सेंसर आने के बाद मशीन चालू हो सकेगी।