अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के पूठा के पास हाईवे किनारे खेतों में रविवार सुबह एक हत्यारोपी युवक का शव मिला था। सोमवार को आई पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने की वजह से विसरा सुरक्षित किया गया। इधर पुलिस को सर्विलांस की मदद से कई अहम सुराग लगे है। जिसको लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
अजीतमल कोतवाल मुकेश चौहान ने बताया कि रामकिशोर (40) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न से बिसरा सुरक्षित किया गया। मृतक के कुछ जहरीले पदार्थ निगलने की आशंका है। उन्होंने बताया कि मृतक के मोबाइल की ट्रेसिंग से पता चला है कि 25 अगस्त को वह अपनी पत्नी संगीता को लेकर रिश्तेदार के यहां पहुंचा था। पत्नी को कानपुर के हैलट अस्पताल में दिखवाने के बाद वह औरैया निवासी अपने रिश्तेदार के घर आ गया था। 26 अगस्त की दोपहर तीन बजे रामकिशोर इटावा जाने की बात कहकर निकला था।
उसके फोन की लोकेशन के अनुसार वह महेवा तक गया था और वापस लौट आया। रामकिशोर पूठा तक कैसे पहुंचा और कैसे घटना घटित हुई है। इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। टीमें जांच में जुटी हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। बता दें कि राम किशोर का शव रविवार सुबह हाइवे किनारे खेतों में मिला था। गांव में अंकित पाल की संदिग्ध मौत के मामले में मृतक नामजद आरोपी था। इधर शव मिलने के बाद परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर ही हत्या का आरोप लगाया था।