औरैया। फफूंद रेलवे स्टेशन के निकट डीएफसी लाइन पर मालगाड़ी से कटकर बीएससी की छात्रा की मौत हो गई।
बुधवार की दोपहर फफूंद रेलवे स्टेशन के डीएफसी लाइन पर कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी गांव कन्हई का पुरवा के निकट पहुंची ही थी कि उसकी चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। मालगाड़ी के चालक ने घटना की जानकारी फफूंद रेलवे स्टेशन को दी।
रेलवे स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर दिबियापुर थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया। दिबियापुर थाने के एसआई नईम अहमद ने बताया कि सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने युवती की पहचान कन्हई का पुरवा निवासी तेजस्वी (19) पुत्री दाताराम के रूप में की। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर युवती की साइकिल भी बरामद हुई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि तेजस्वी जनता महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
एसआई नईम अहमद ने बताया कि जांच की जा रही है। ग्रामीणों से पूछताछ में प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।