बिधूना। बड़ी बहन के घर आई 16 वर्षीय किशोरी संग जीजा के भाई ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पिता ने बिधूना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिबियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बिधूना कोतवाली में तहरीर दी कि बिधूना के एक गांव में बड़ी बेटी की शादी की है। अप्रैल माह में बेटी की तबियत खराब होने पर उसकी देखभाल के लिए छोटी बेटी को भेजा था। आरोप है कि छोटी बेटी के साथ देवर दीपक ने छत में दुष्कर्म किया और विरोध करने पर दोनों बहनों को जान से मार देने की धमकी दी थी। इस वजह से दोनों शांत रहीं।
एक सप्ताह पहले पुत्र अपनी दोनों बहनों को घर ले आया। तब पूरी घटना की जानकारी परिजनों को हुई। इसकी शिकायत करने जब बेटी की ससुराल गए तो देवर दीपक और आकाश ने धमकी देकर भगा दिया। कोतवाली प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दीपक के खिलाफ दुष्कर्म और छोटे देवर आकाश के खिलाफ धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने किशोरी को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।