औरैया। सदर कोतवाली के अंतर्गत आने वाले गांव करमपुर निवासी शिव कुमार गांव के पास ही राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित ईंट भट्टे पर चौकीदारी करता था। रोज की तरह मंगलवार की शाम को वह भट्टे पर गया था। देर रात लगभग तीन बजे भट्टे पर मौजूद लोगों ने शिव कुमार की गंभीर हालत को देख इसकी जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन शिव कुमार को गंभीर हालत में 50 शैया जिला अस्पताल औरैया लेकर आए। यहां इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर ने शिव कुमार को मृत घोषित किया। डॉक्टर की ओर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार की सुबह अस्पताल पहुंची कोतवाली पुलिस ने शिव कुमार के परिजनों से पूछताछ की। परिजन ने हार्ट अटैक आने की बात कही। कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। परिजन शव को अपने गांव वापस ले गए। (संवाद)