अजीतमल। अनंतराम गांव समीप हाईवे किनारे बृहस्पतिवार की देर शाम खून से लथपथ मिले शव की शिनाख्त शुक्रवार को हुई।
चिचौली पहुंचे शेरपुर सरैया निवासी अंकुश ने बताया कि मृतक उसका बड़ा भाई रवि उर्फ सुखवीर (35) की। वह मनोरमा महाविद्यालय में अनुचर था। उसकी शादी भी हो चुकी थी। घर में पत्नी अंजली, पुत्री अनन्या (6) व पुत्र साहिल (4) के साथ वह रहता था। बृहस्पतिवार की देर शाम से परिजन मोबाइल बंद होने के बाद से उसकी तलाश कर रहे थे। सोशल मीडिया पर शव मिलने व फोटो देखने के बाद अंकुश ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद वह चिचौली पहुंचा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सड़क हादसे में युवक की जान जाने की बात सामने आई है। मृतक के भाई अंकुश ने मार्ग दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कराया है। मोबाइल न मिलना व युवक का अनंतराम पहुंचना यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पड़ताल की जा रही है। शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।