बेला। थाना क्षेत्र के बेला-बिधूना मार्ग पर याकूबपुर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। उछल कर सड़क पर गिरी महिला की मौके पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने एक घंटे जाम लगाकर हंगामा किया। एसडीएम व सीओ बिधूना के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
याकूबपुर चौकी के सामने शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे के करीब कानपुर से दिल्ली जा रही विकास नगर डिपो की बस ने आगे चल रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सीमा (32) पत्नी लज्जाराम निवासी बिलाह थाना रसूलाबाद कानपुर देहात की मौत हो गई। इसी बीच कुछ लोगों ने शोर मचाकर बस का पीछा करने की कोशिश की। तभी बस चालक व क्लीनर कुछ दूर बाद बस छोड़कर भाग निकले।
विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बेला-बिधूना मार्ग पर शव रख उच्चाधिकारियों के बुलाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। जाम लगने की जानकारी मिलते ही सीओ बिधूना अशोक कुमार, एसडीएम निशांत तिवारी व कोतवाली बिधूना, थाना सहार, कुदरकोट का फोर्स पहुंच गया। एसडीएम व सीओ के करीब एक घंटे तक समझाने के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद जाम खुलवाया गया।
मृतका के ससुर महावीर ने बताया कि बेटा बहू के साथ बेटी के घर कुदरकोट जा रहे थे। याकूबपुर के पास विकास नगर डिपो की बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बताया कि सीमा के तीन बच्चे शिवप्रताप (15), विष्णुप्रताप (12), पूनम (10) वर्ष के है। सीओ अशोक सिंह ने बताया कि बस को थाने में खड़ा कराया गया है। परिजन तहरीर देंगे उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।