औरैया। दिबियापुर-औरैया मार्ग पर कखावतू बंबा के पास रविवार दोपहर एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को 100 शैया अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के गंगदासपुर निवासी ब्रजेंद्र (37) पुत्र मोहर सिंह ट्रक चालक था। रविवार को वह घर से औरैया में खड़े ट्रक को लेने के लिए बाइक से आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक दिबियापुर-औरैया मार्ग पर कखावतू बंबा के पास पहुंची तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने की वजह से उसके सिर पर गंभीर चोंटें आईं।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को चिचौली स्थित 100 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के जेब में मिले मोबाइल व आधार कार्ड से पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। ब्रजेंद्र की मौत की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।