औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मिहौली के पास साइकिल सवार को बचाने में बाइक सवार बेकाबू होकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में महिला समेत दो मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस को जानकारी देते हुए मैनपुरी के हैरना निवासी राजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह वह पत्नी सुमन देवी (52) व नातिन पल्लवी (5), सृष्टि (4) पुत्री गौरव को लेकर सुबह समरथपुर निवासी बड़े साले शिवकुमार के यहां राखी पर आए थे। यहां से वह पत्नी व नातिनों के साथ अजीतमल निवासी छोटे साले अमृत सिंह के यहां बाइक से जा रहे थे।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के मिहौली गांव के पास जैसे ही वह पहुंचे तभी सामने अचानक से साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो सड़क पर गिर गई। हादसे में पत्नी सुमन देवी, नातिन सृष्टि व पल्लवी गंभीर घायल हो गईं। लोगों की मदद से सभी को 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने सुमन देवी को गंभीर हालत देख सैफई रेफर कर दिया है।
सदर कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि इस तरह की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फिर भी पता कराया जा रहा है। यदि पीड़ित की ओर से कोई तहरीर दी जाती है। तो उसी अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।