बिधूना। कस्बा के बेला मार्ग पर रामलीला मैदान से कुछ दूरी पर शुक्रवार शाम सात बजे राह चलती महिला को बचाने के चक्कर में एक बाइक वाहन से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार किसान समेत महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीर दोनों को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत नाजुक होने पर सैफई रेफर किया गया।
बिधूना कस्बा के अछल्दा रोड जवाहनगर निवासी राजमंगल सिंह (42)पुत्र बाबू सिंह किसान थे। रोजाना की तरह शुक्रवार दोपहर अपने खेत देखने पैतृक गांव बिकूपुर गए थे। जहां शाम होने पर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। कस्बा के बेला रोड पर रामलीला मैदान से 200 मीटर दूरी पर आर्यनगर निवासी लक्ष्मीदेवी पत्नी आसाराम पैदल निकल रही थी। जिन्हें बचाने के चक्कर में राजमंगल की बाइक वाहन से टकरा गई।
हादसे में लक्ष्मी देवी व राजमंगल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर दोनों को घायल हालत में लेकर सीएचसी बिधूना पहुंचे। हादसे की सूचना पर परिजन व पुलिस भी अस्पातल पहुंची। डॉक्टरों ने राजमंगल को मृत घोषित कर दिया। राजमंगल के बेटे अंकुर व पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला व किसान सड़क पर घायल अवस्था में मिले थे। हादसा कर भागे वाहन की पहचान कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।