अछल्दा। औरैया-बिधूना मार्ग पर ट्रकों व डंपर चालकों के बीच पहले निकलने की होड़ में जाम लग गया। तीन घंटे बाद जाम खुल सका। जाम में स्कूली वाहन भी फंसे होने से बच्चों को परेशानी हुई।
बुधवार को अछल्दा रेलवे क्रासिंग के पास ट्रक व डंपर के फंसने की वजह से सुबह छह बजे जाम लग गया। धीरे-धीरे सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। स्कूल जाने वाले बच्चे भी जाम में फंसे नजर आए। काफी देर तक जाम नहीं खुलने पर रेलवे के जवानों ने कुछ वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से गुजारा। वहीं, बिधूना की तरफ से आने वाले वाहनों को घसारा के गेट नंबर-14 व 15 से निकाला गया। जबकि फफूंद की तरफ से आने वाले वाहन जाम में फंसे रहे। करीब नौ बजे जाम पूरी तरह से खुल सका। आरपीएफ के एसआई रजनीश दुबे ने बताया कि मार्ग संकरा है। बड़े वाहन जल्दी निकलने की वजह से जाम का कारण बन जाते हैं। रेलवे के जवानों ने मशक्कत कर जाम खुलवाया।