औरैया। जिला विधिक सेवा प्राधिकारण की ओर से जनपद स्तर पर दो से आठ अक्तूबर तक स्वच्छता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के सभी विद्यालयों में निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी।
विजेता प्रतिभागी को परितोषक भी दिया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव स्वाती चंद्रा ने बताया की महात्मा गांधी की जयंती पर प्राधिकरण की ओर से जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया ग्रीश कुमार वैश्य के आदेश पर साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तीनों तहसीलों में कार्यक्रम आयोजन के लिए संबंधित तहसील के तहसीलदार को नोडल बनाया गया है।
इसके साथ ही खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अलावा पीएलवी को सदस्य नामित किया गया है। कार्य योजना के तहत जिले भर के सभी विद्यालयों में दो से आठ अक्तूबर के बीच चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालय व छात्र को निर्वाचक मंडल की ओर से पुरस्कार भी दिया जाएगा।
प्राधिकरण सचिव ने बताया कि उन्होंने तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद /नगर पंचायत एवं पीएलवी को निर्देशित किया है। जिसमें स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत ऐसे स्थलों को चिंहित करने के निर्देश दिए हैं जहां कूड़ा-कचरा जमा होता है एवं उन स्थलों को सफाईकर्मी के द्वारा स्वच्छ करना सुनिश्चित करने के साथ ही भविष्य में कूड़ा जमा न हो इसके लिए लोगों को जागरुक कर प्रोत्साहित करने को भी निर्देशित किया गया है।
उन्होंने बताया कि साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत जनपद, तहसील तथा ब्लॉक स्तर पर प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभी कर्मचारी, प्राविधिक स्वयंसेवक तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं का सहयोग लिया जाएगा। वहीं गांधी जयंती पर दो अक्तूबर को जनपद न्यायालय परिसर से सुबह नौ बजे से स्वच्छता जागरूकता अभियान के प्रचार-प्रसार के संबंध में एक प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा।
आयोजित कार्यक्रमों को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में स्वच्छता जागरूकता अभियान शीर्षक से प्रचार-प्रसार किए जाने को निर्देश दिए हैं। बताया कि कार्यक्रम समस्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील विधिक सेवा समितियों द्वारा अपने कार्यालयों एवं समीपवर्ती परिसर में कराए जाने का निर्देश दिया हैं।