अजीतमल। भारेश्वर महादेव मंदिर से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा ऑटो अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। जिससे उसमें सवार पांच श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया गया।
सोमवार दोपहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अमावता गढ़ा कासदा मार्ग स्थित भारेश्वर महादेव मंदिर से श्रद्धालुओं को लेकर एक ऑटो वापस लौट रहा था। अनियंत्रित होने से ऑटो बिजली के खंभे से जा टकराया। जिससे उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को देते हुए। घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस ने ऑटो सवार घायल विद्यानगर बाबरपुर निवासी सागर, बाबी, राजा, राज, शिवम आदि को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने सभी का प्राथमिक उपचार करने के बाद बॉबी की हालत को गंभीर बताते हुए सैफई रेफर कर दिया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के बाद ऑटो लेकर चालक मौके से भाग निकला।
ग्रांडर से मजदूर का पैर हुआ जख्मी
अजीतमल। क्षेत्र के गांव चकसत्तापुर में जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण हो रहा है। सोमवार को मकनियापुर कानपुर देहात निवासी अंकित ग्रांडर से सरिया काटने का काम कर रहा था। तभी अचानक सरिया काटते वक्त ग्रांडर फिसलकर पैर में आ लगा। जिससे पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। घायलावस्था में अंकित को साथी मजदूरों ने सीएचसी में अजीतमल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज किया गया।(संवाद)