औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के बिधूना मार्ग पर मंगलवार दोपहर तीन बजे के करीब चलते सीएनजी ऑटो में शार्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे में ऑटो चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाकर शव को कब्जे में लिया है।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रुरुकला निवासी जवाहर लाल दुबे (39) पुत्र राधेश्याम मंगलवार सुबह ऑटो लेकर बिधूना गया था। दोपहर तीन बजे वह सामान लेकर घर लौट रहा था। जब वह अछल्दा-बिधूना मार्ग पर अशोकपुरी फार्म ग्वारी के पास पहुंचा तभी शार्ट सर्किट से ऑटो में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो चला रहा जवाहर लाल जैसे ही बाहर निकलने की कोशिश करने लगा तब सिलिंडर में ब्लॉस्ट हो गया। लोग आग पर काबू पाते तब तक उसकी जलकर मौत हो गई।
हादसे की जानकारी पाकर फायर ब्रिगेड की टीम, सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी दिगंबर कुशवाहा व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना देकर शव कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी पर एसपी चारु निगम फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। मृतक के भाई संजीव ने पुलिस को बताया कि भाई के दो बेटियां साधना व शीलू है। सुबह घर से अछल्दा जाने की बात कह निकला था। एसपी चारु निगम ने बताया कि मृतक ने वर्ष 2012 में पत्नी पूजा की हत्या कर दी थी। वह कुछ दिन पहले ही सजा काटकर जेल से बाहर आया है। प्रथमदृष्ट्या ऑटो में सीएनजी रिसाव होने के साथ शार्ट सर्किट से आग लगने की बात निकल सामने आई है। जांच की जा रही है।