फाटक बंद होने से जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : AURAIYA
कंचौसी (औरैया)। दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार शाम पांच बजकर 15 मिनट पर पूर्वी रेलवे फाटक पर वाहनों की आवाजाही व जाम के चलते फाटक बंद नहीं हो सका। इस वजह से एक पैसेंजर ट्रेन को आउटर व विक्रमशिला एक्सप्रेस को कंचौसी स्टेशन पर 10 मिनट के लिए रोका गया। रेलवे कर्मचारियों ने क्रासिंग पर फंसे वाहन हटवाकर फाटक बंद कराया। इसके बाद ट्रेनें आगे रवाना हुई।
शाम पांच बजे के करीब कंचौसी रेलवे क्रासिंग पर वाहनों की आवाजाही के चलते फाटक बंद नहीं हो सका। इसी बीच कानपुर से इटावा की ओर जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को आउटर पर 10 मिनट के लिए रोका गया। वहीं आनंद बिहार से भागलपुर जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस को कंचौसी रेलवे स्टेशन पर लगभग 10 मिनट खड़ा रखा गया।
ट्रेनों के रुकने पर करीब आधे घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। स्टेशन मास्टर को फाटक बंद न होने की जानकारी मिली तो कर्मचारी भेज कर क्रासिंग से वाहन हटवाए गए। इसके बाद फाटक बंद हो सका। स्टेशन मास्टर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जाम की वजह से वाहन ट्रैक पर होने के कारण फाटक बंद नही हो सका, लगभग दस मिनट तक ट्रेनों को रोकना पड़ा। फाटक बंद होने के बाद ट्रेनें गंतव्य को रवाना हुई।