औरैया। शहर के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड के आरोपी सपा के पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक समेत सभी आरोपियों की शुक्रवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान आठवें गवाह कांस्टेबल की गवाही पूरी हुई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए दो अगस्त की तिथि निर्धारित की है। इसके लिए अगले गवाह को तलब किया गया है।
शहर के मोहल्ला नरायनपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में 15 मार्च 2020 को हुई गोलीबारी में अधिवक्ता मंजुल चौबे व उसकी चचेरी बहन सुधा की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में सपा तत्कालीन एमएलसी कमलेश पाठक, उनके दो भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष पाठक, रामू पाठक, सरकारी गनर समेत सभी 11 लोगों को आरोपी बनाकर उनकी चार्ज शीट कोर्ट में दाखिल की थी।
इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए कोर्ट संजय कुमार सिंह के समक्ष हुई। हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार का दिन सुनवाई के लिए तय किया गया है। इसी क्रम में आज कोर्ट में आठवें गवाह पुलिस कांस्टेबल सूर्यकांत को अभियोजन ने गवाही के लिए कोर्ट में प्रस्तुत किया।
अभियोजन की ओर से एडीजीसी रमेश चंद्र मिश्रा व हृदय नरायन पांडेय तथा बचाव पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल बाजपेई व सुभाष त्रिपाठी की मौजूदगी में गवाही पूरी की गई। कोर्ट ने सुनवाई के लिए अगली तिथि दो अगस्त तय की है। एडीजीसी रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि अगली तिथि को मामले के 9वें गवाह को प्रस्तुत करने के लिए सम्मन भेजा जा रहा है। विभिन्न जेलों में निरुद्ध सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। गवाही के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल कोर्ट के बाहर मौजूद रहा।