पुलिस को तहरीर देने जाता पीड़ित युवक। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। अहमदाबाद जाने के लिए खानपुर चौराहे पर शनिवार रात बस का इंतजार कर रहे युवक को जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने धोखे से चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। युवक के बेहोश होने पर वह मोबाइल व जेब में पड़ी नगदी लेकर फरार हो गया।
जालौन जिले के थाना मुहाना के गांव सिंगटोली निवासी अमन कुमार पुत्र वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। शनिवार रात वह अपने गांव से अहमदाबाद जाने के लिए खानपुर चौराहे पर बस का इंतजार कर रहा था। तभी एक व्यक्ति उसके पास आकर बैठ गया और बातचीत करने लगा।
अहमदाबाद जाने की बात कहने पर बोला कि परिचित की बस आने वाली है, उसमें बैठा देगा। इसके बाद वह चाय लेकर आ गया और चाय पीने को दी। चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गया। सुबह जब उसे होश आया तो उसकी जेब में पड़े दो हजार रुपये, मोबाइल व डेबिट कार्ड गायब थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।