औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के जालौन रोड पर मंगलवार शाम बाजार से सब्जी लेकर लौट रही एक वृद्धा को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में वृद्धा को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी राम जानकी (65) पत्नी सुरेंद्र कुमार मंगलवार की शाम लगभग साढ़े सात बजे घर से जेसीज चौराहे की तरफ से होते हुए जालौन रोड पर सब्जी लेने गई थी। जहां वह सब्जी लेकर वापस लौट रही थी। जैसे ही वह पांडेय गेस्ट हाउस के पास पहुंची तभी कचहरी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में रामजानकी बुरी तरह से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक समेत भाग गया।
उधर घटना की जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने महिला को उठाकर 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। उधर पुलिस टक्कर मारकर भागे चालक व ट्रक की तलाश कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि पुलिस ट्रक व चालक की तलाश कर रही है। जल्द ही पुलिस चालक को गिरफ्तार करने में सफल होगी।