यमुना नदी में बढ़ा जलस्तर। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश से यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर से बढ़ा है। शनिवार शाम छह बजे तक केंद्रीय जल आयोग की टीम ने 106.04 मीटर का रिकार्ड दर्ज किया। लगातार बढ़ रहे पानी और बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट है। यमुना नदी में चेतावनी बिंदु 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर पर है।
पहले राजस्थान के कोटा बैराज से छोड़े गए पानी के कारण औरैया में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा रहा था, इधर बारिश होने के बाद शनिवार को जलस्तर 106.04 मीटर पर पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारी हर घंटे यमुना के जलस्तर पर नजर रखे हैं। अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने सभी तहसील स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों को बढ़ रहे पानी पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
जिससे बाढ़ की स्थिति होने की दशा में यमुना नदी किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। हालांकि यमुना नदी में चेतावनी बिंदु 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर पर होने के चलते अभी जल स्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है। यमुना नदी में पानी बढ़ने के कारण शेरगढ़ घाट स्थित स्नानागार पूरी तरह से पानी डूब गया है। वहीं अंत्येष्टि व राम झरोखा तक पानी पहुंच जाने से लोगों को परेशानी होने लगी है। केंद्रीय जल आयोग कर्मचारियों के मुताबिक अभी पानी के ऊपर बढ़ने की संभावना है।