अछल्दा (औरैया)। मेमू पैसेंजर ट्रेन में सवार स्कूली बच्चा अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरपीएफ जवान बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने उसे सैफई रेफर कर दिया।
प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के ऊरवा निवासी झल्लर का 11 वर्षीय बेटा धीरज रविवार की रात कानपुर से इटावा जाने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेन में सवार था। वह स्कूली कपड़े पहने था और बैग भी लिए था। अछल्दा रेलवे स्टेशन के खंभा नंबर 1117/15 के पास वह चलती ट्रेन से गिर गया। खंभे के पास घायल बच्चे को पड़ा देख स्टेशन अधीक्षक ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी।
आरपीएफ के जवान बदन सिंह और विनोद कुमार वहां पहुंचे और बच्चे को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया। सैफई में होश आने पर बच्चे ने आरपीएफ जवान विनोद कुमार मीणा को पिता का नाम और पता बताया।
आरोप है कि उसे किसी ने ट्रेन से धक्का दे दिया। वह ट्रेन में क्यों चढ़ा था, इसकी जानकारी नहीं दे सका। आरपीएफ के दरोगा रजनीश राय ने बताया कि बच्चे के बताए पते पर परिजनों को सूचना दे दी गई है।