फोटो-18एयूआरपी-19 मृतक कृष्णा मिश्रा। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। राइस मिल के पास सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से रोडवेज की महिला क्लर्क की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी परिजनों और औरैया डिपो को दी। परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
उन्नाव के शुक्लागंज की मिश्रा कॉलोनी निवासी कृष्णा मिश्रा (59) औरैया डिपो में सीनियर क्लर्क थीं। सोमवार को वह बस से सदर कोतवाली क्षेत्र के खानपुर और जालौन चौराहे के बीच स्थित राइस मिल के पास उतरीं। सड़क पार कर औरैया डिपो की ओर आने लगीं।
इसी दौरान कानपुर से इटावा जा रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो र्गइं। बाइक सवार भाग निकला। चौराहे पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। घायल महिला को 50 शैया संयुक्त जिला चिकित्सालय ले गए। वहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर औरैया डिपो के कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचकर उनकी शिनाख्त की।
हादसे की जानकारी पर महिला के दामाद कानपुर के सचेंडी निवासी प्रमोद शुक्ला, उनकी बेटी और बेटा पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एआरएम आरएस चौधरी ने बताया कि कृष्णा मिश्रा को उनके पति की जगह मृतक आश्रित पर नौकरी मिली थी। सदर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-18एयूआरपी-20 अस्पताल में मौजूद एआरएम आरएस चौधरी, आरएन दुबे व पुलिस। संवाद- फोटो : AURAIYA