ऐरवाकटरा(औरैया)। हाईवे पर डीसीएम पीछे से कंटेनर में जा भिड़ा। इससे डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि परिचालक घायल हो गया।
ऐरवाकटरा थाना अंतर्गत कस्बा से सात किलोमीटर दूर ग्राम उमरैन में निकले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार की रात लगभग 11:00 बजे लखनऊ से आगरा की तरफ जा रहे कंटेनर में पीछे से आ रही डीसीएम जा भिड़ी। हादसे की आवाज सुन सर्विस रोड पर बने घरों में सो रहे लोग जाग गए। दौड़कर मौके पर पहुंचे तो डीसीएम चालक दरभंगा बिहार निवासी चंदन कुमार साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दरभंगा निवासी हेल्पर संजय साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। हाईवे पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सैफई भेजा। शव को भी सैफई भेजा गया है। क्षतिग्रस्त डीसीएम को क्रेन से हटा दिया गया। मृतक के बारे में जानकारी नहीं हो सकी। (संवाद)