दिबियापुर (औरैया)। भगवतीगंज बाजार में जीएसटी अधिकारियों की टीम ने बीड़ी की एजेंसी पर छापा मारा। स्टॉक में अंतर मिलने पर चार लाख टैक्स और चार लाख रुपये की पेनाल्टी भरने के लिए व्यापारी को निर्देशित किया गया। हालांकि व्यापारी ने दावा किया कि मुनीम के न आने से आज की बिक्री की बिलिंग न हो पाने के कारण स्टॉक में अंतर आया है।
जीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर हरिलाल प्रजापति के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने भगवतीगंज बाजार स्थित आमिर एजेंसी पर छापा मारा। यहां अधिकारियों ने लगभग तीन घंटों तक कागजात एवं स्टॉक का मिलान किया। स्टॉक मिलान के बाद ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि एजेंसी से बीड़ी बेची जाती है। जीएसटी पोर्टल पर व्यापारियों की खरीद बिक्री में अंतर मिलता है तो जीएसटी पोर्टल पर रेड फ्लैग डाटा के रूप में दिखाई देता है।
रेड फ्लैग दिखने और जोनल एडीशनल कमिश्नर के निर्देश पर स्टॉक का मिलान किया गया है। बताया कि स्टाक में 16 लाख रुपये का अंतर मिला। इसके चलते प्रतिष्ठान संचालक को चार लाख टैक्स और चार लाख रुपये की पेनाल्टी भरने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं, एजेंसी संचालक कमालुद्दीन का कहना है कि जीएसटी अधिकारियों को जांच में सभी कागजात दिखाए गए हैं। मुनीम के न आने से शनिवार की बिक्री की बिलिंग नहीं हो पाई थी। इसके कागजात प्रस्तुत किए जा रहे हैं।