सहायल। सहार ब्लाक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिवगंज का डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने सीडीओ अनिल कुमार सिंह के साथ निरीक्षण किया। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मनीष द्वारा तैयार किए गए साइंस पार्क की डीएम ने सराहना की। साथ ही बच्चों का ज्ञान भी परखा।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में पढ़ने वाले रजनीकांत, स्वाती, अनमोल गुप्ता, संजना, स्वाक्षी, रेहान और शिवा ने विज्ञान लैब में प्रयोग करके डीएम को दिखाए। मनीष के स्वरचित विज्ञान गीत सुनाया। इस पर जिलाधिकारी ने प्रसन्न होकर बच्चों को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
विद्यालय में जल संरक्षण के साथ-साथ एमपी थिएटर संकल्पना को वास्तविक रूप में देखा और शिक्षक मनीष को हर संभव मदद का भरोसा दिया। डीएम ने कहा कि जिस परिवेश में रहकर आज इन बच्चों को वैज्ञानिक बनाए जाने की नींव मनीष ने रखी है, वह भविष्य में मील का पत्थर साबित होगी।
इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी दाताराम, उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अरुणा त्रिपाठी, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अश्वनी कुमार, शिक्षक सतीश कुमार, शिखा शुक्ला व रेखा पाल भी मौजूद रहे।