एरवाकटरा। औरैया से बरौना कला तक चलने वाली रोडवेज बस सेवा तीन दिन से बंद है। जिससे इन क्षेत्रों से मुख्यालय आने-जाने वाले ग्रामीणों को इस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे पहले भी यह बस सेवा आठ माह तक बंद रही है।
बताते चलें कि परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आठ माह से बंद चल रही औरैया-बरौनाकला बस सेवा 17 अगस्त को औरैया से शुरू की गई थी। यह बस सुबह बरौना कला से चलकर औरैया पहुंचती थी और शाम को औरैया से चलकर वापस बरौनाकला में ठहरती थी। तीन दिन से बंद इस बस के कारण औरैया-बरौनाकला क्षेत्र के दिलीपपुर, रूपपुर, बढ़ियानी, दिलालपुर, जरैला, रमपुरा, शेखुपुर, राजपुर, जादोपुर, भवानीपुर, रघुनाथपुर, रानीपुर, नगला भंत, गोपियापुर, चिरैयापुर, अझारा, नगला कहारन, झाल, हिंदूपुरा, नगला हरिया, बांजरहार सहित करीब दो दर्जन से अधिक गांव के लोगों को जिला मुख्यालय और कचहरी पहुंचने के लिए डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बरौनाकला क्षेत्र निवासी अंकित सेंगर, कृपा शंकर दुबे, सौरभ, शिशुपाल शाक्य, संजीव भट्ट, बड़े लल्ला, जमील, संतोष लाला, झल्लन, जोर सिंह, मोहर सिंह व राहुल दीक्षित आदि ने प्रशासन से औरैया रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू कराए जाने की मांग की है।
सौरभ शाक्य। संवाद
बरौनाकला बस सेवा बंद हो जाने से औरैया आने में दिक्कत आ रही है। दुकान की सामग्री लाने के लिए अब डग्गामार वाहनों से सफर करना पड़ रहा है।-सौरभ शाक्य
-
अंकित सेंगर। संवाद
बरौनाकला से औरैया जाने के लिए अब बिधूना व अछल्दा से होकर ऑटो पकड़ना पड़ रहा है। औरैया तक पहुंचने के लिए तीन बार वाहन बदलना पड़ता है। मुख्यालय पहुंचने के लिए और दिक्कत हो रही है।-अंकित सेंगर
बोले जिम्मेदार-
एक माह तक यह बस सेवा संचालित कराई गई थी। इस दौरान रूट पर सवारियां कम मिलने से घाटा उठाना पड़ा है। इस वजह से बस को फिलहाल स्थगित करना पड़ा है। - देवेंद्र सक्सेना, प्रभारी एआरएम औरैया।