औरैया। गांव चिरूहूली में दूसरी पत्नी की ओर से दर्ज कराए गए दुष्कर्म के मुकदमे से आहत युवक ने रविवार को फंदा लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल भेजा, जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चिरूहूली निवासी लल्लू (42) दोपहर को अपने खेत पर पहुंचा। पेड़ के सहारे रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। तभी खेत से लौट रहे ग्रामीणों ने लल्लू को फंदे से लटका देख उसे नीचे उतार लिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की चाची लक्ष्मी ने बताया कि लल्लू की पत्नी की सात साल पहले मौत हो गई थी।
लल्लू के एक पुत्र व एक पुत्री थी। कुछ समय पहले उसने एक विधवा से दूसरी शादी की थी, जिसके पहले से एक पुत्री थी। दोनों के बीच आए दिन विवाद शुरू होने पर 19 अक्तूबर को पत्नी ने कल्लू पर नाबालिग बेटे से दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसे लेकर लल्लू परेशान था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि कल्लू दुष्कर्म के मामले में वांछित है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।