औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के घांघरपुर में 30 मई की रात एक युवक पर कार चढ़ाकर मारने का प्रयास किया गया। घायल का कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पिता पुत्र पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
घांघरपुर निवासी सुमित नारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 30 मई को उसके पारिवारिक भाई की बेटी की शादी थी। उसका बेटा अभिषेक कुमार कार्यक्रम में शामिल होने गया। जहां बरात में मैनपुरी जनपद के गांव किरशआ निवासी राहुल कुमार और उसके पिता पप्पू मिस्त्री आए थे। राहुल कुमार ने गांव की लड़कियों को फब्तियां कस दी। जिसका बेटे अभिषेक ने विरोध कर दिया। राहुल व उसके पिता पप्पू की बेटे के साथ कहासुनी हो गई। वर व वधू पक्ष के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया। वहीं, देर रात जब अभिषेक बाहर जमीन पर सो रहा था, तभी राहुल व पप्पू ने दहेज में मिली कार उस पर चढ़ा दी। अभिषेक को मरा हुआ समझकर आरोपी पिता पुत्र मौके से भाग निकले। जानकारी पर परिजन उसे बिधूना सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से उसे कानपुर के रेफर कर दिया गया। बेटे का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। अछल्दा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि राहुल व उसके पिता पप्पू मिस्त्री पर जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज की गई है। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।