अछल्दा। दिबियापुर के एक स्कूल से छात्रा का पिता बनकर पहुंचे युवक ने साथी के साथ छात्रा को जबरन ले जाने का प्रयास किया। मामले में पीड़ित छात्रा के पिता ने अपहरण के प्रयास, छेड़छाड़ व धमकी देने समेत कई आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कस्बा निवासी एक पिता ने अछल्दा थाने में तहरीर दी। बताया कि 14 वर्षीय बेटी दिबियापुर के एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। आरोप है कि नेवलगंज निवासी अभिषेक पोरवाल बेटी को आते-जाते समय कई दिन से परेशान कर रहा था। छह फरवरी को बेटी अपने भाई के साथ स्कूल गई थी। तभी अभिषेक पोरवाल ने अपने दो मोबाइल नंबर से बारी-बारी से स्कूल के रिसेप्शन पर फोन किया। कहा किया वह छात्रा का पिता बोल रहा है, घर में कुछ इमरजेंसी हो गई है। इसलिए अपने मित्र अजीत गुप्ता को भेज रहा हूं, उसके साथ मेरी बेटी को घर भेज देना। अभिषेक पोरवाल गाड़ी से दो अज्ञात लोगों को लेकर वहां पहुंचा और बेटी को उसके भाई के साथ रिसेप्शन पर बुलाया गया। इसी बीच बेटी ने उसे पहचान लिया और साथ जाने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि अभिषेक हाथ पकड़ कर जबरन खींच कर ले जाने लगा। तभी स्कूल प्रबंधन व कर्मचारियों ने छात्रा को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया, जिससे वह अपहरण का प्रयास में विफल हो गया और दोबारा न छोड़ने की धमकी देकर मौके से भाग गया। बताया कि पांच फरवरी को भी अभिषेक ने बेटी के साथ छेड़छाड़ का प्रयास कर चुका है और किसी भी दिन उसे उठा ले जाने की धमकी देता है। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर की गई है। आरोपी व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है।