दिबियापुर। मदर्स डे पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ कर्मी की पत्नी ने एक महिला सीआईएसएफ कर्मी के साथ मारपीट की। इसके साथ ही डिप्टी कमांडेंट समेत अन्य अधिकारियों को गालियां दीं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गेल पाता की केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई में लिपिक सपना ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि सात मई की शाम छह बजे संरक्षिका संस्था का मदर्स डे सेलीब्रेट हो रहा था। सभी संरक्षिका सदस्य मैदान में एकत्रित हुई थीं। संरक्षिका के कार्यक्रम के संबंध में पीड़िता, संरक्षिका सदस्य से बातचीत कर रही थीं।
आरोप लगाया कि सीआईएसएफ के आरजीडी संजीत कुमार सिंह की पत्नी अंजना देवी ने अचानक पीड़िता के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि अंजना देवी ने सीआईएसएफ के उप कमांडेंट, सहायक कमांडेट और महिला इंस्पेक्टर एवं पीड़िता को गालियां देनी शुरू कर दीं। वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने बीच बचाव करते हुए पीड़िता को किसी प्रकार से बचाया।
आरोपी महिला जाते-जाते धमकी देते हुए गई कि वह आत्महत्या करके उप कमांडेंट, सहायक कमांडेंट, महिला इंस्पेक्टर और पीड़िता के नाम से सुसाइड नोट लिखकर मरेगी। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।