फोटो17एयूआरपी 41- ग्रामीण महिलाओं को जागरूक करती आंगनबाड़ी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। टीबी, कुपोषण, मौसमी बीमारियों के मरीजों की तलाश के लिए आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने संचारी रोग अभियान के तहत घर-घर दस्तक शुरू कर दिया है। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में घरों के बाहर स्टीकर लगाकर लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों को अपने आसपास गंदे पानी को एकत्रित न होने देने की सलाह दी गई। 30 अप्रैल तक चलाए जाने वाले अभियान में टीम विभिन्न बीमारियों से बचाव से बारे में तौर-तरीके बता कर जागरूक करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अर्चना श्रीवास्तव का कहना है की संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जिले में एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार से दस्तक अभियान की शुरुआत हो रही है। उन्होंने अपील की है कि बीमारी का लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर विभाग को जानकारी दें।
संचारी रोगों के नोडल व जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि इस अभियान में मुख्य जिम्मेदारी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सौंपी गई है। अभियान के अंतर्गत कुपोषित बच्चों तथा विभिन्न रोगों से ग्रसित मरीजों को सूचीबद्ध भी किया जाएगा। कुपोषित बच्चों की सूची बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को सौंपी जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में रेफर किया जाएगा। इसी तरह टीबी के मरीजों की सूची क्षय रोग विभाग को भेजी जाएगी। इसके लिए पूर्व में ही आशा को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
मच्छरों से ऐसे करें बचाव
- अपने घर के आसपास किसी भी तरह का जलभराव न होने दें। ध्यान रहे मच्छर गंदे और साफ पानी दोनों में पनप सकते हैं।
- घरों में खिड़की दरवाजे के रास्ते घुस जाते हैं। दरवाजे और खिड़कियों पर ऐसी जाली लगवाएं, जिससे हवा तो अन्दर आए, लेकिन मच्छर न घुस पाएं।
- घरों की छतों पर रखी पानी की टंकी को ढककर रखें, ताकि मच्छर न पनप पाएं।
- रात में सोने के लिए मच्छरदानी लगा लें। मच्छरों से बचने के लिए ये बेहद आसान, प्रचलित और बेहद सुरक्षित तरीका है।
- पूरी बांह कपड़े पहनें।
- गांव में जानवरों के बाड़ों को घर से दूर रखें। यहां काफी मच्छर पनप सकते हैं, इसलिए इसमें साफ-सफाई का बहुत ख्याल रखें।
- खराब टायर, कूलर आदि में पानी जमा होने न दें।
- संतुलित आहार ले और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले फल सब्जी लें