रामकृष्ण नगर दिबियापुर निवासी अधिवक्ता आकाश कुमार मिश्रा पुत्र धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह सोमवार दोपहर लगभग दो बजे कार से कंचौसी रेलवे क्रासिंग पार कर रहे थे। क्राॅसिंग पर लंबा जाम लगा था। इसी दौरान वहां से निकल रहे गांव बूढ़ादाना निवासी एक नामजद एवं उसके साथ 15 अज्ञात लोगों ने पीड़ित के साथ कार को अलग हटाने को लेकर विवाद करने लगे।
आरोप लगाया कि विवाद के बाद आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट से हाथ में चोट आई है। गले में सोने की जंजीर लूटने का भी अधिवक्ता ने आरोप लगाया है। दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया कि जाम में वाहन निकलने को लेकर विवाद की जानकारी मिली थी। लूटपाट की घटना प्रकाश में नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)
सीएनजी टैंकर की टक्कर से छात्र गंभीर
दिबियापुर। स्कूल से घर वापस लौट रहे कक्षा छह के छात्र को सीएनजी टैंकर ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को दिबियापुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गांव देवराय का पुर्वा निवासी श्रीनिवास का पुत्र अवधेश जनता विद्यालय सेहुद में कक्षा छह का छात्र है। सोमवार दोपहर वह स्कूल से लौटकर पैदल घर जा रहा था। रास्ते में सीएनजी टैंकर ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी रामसहाय पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)