औरैया। कानपुर मंडल के अपर आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को सदर तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील के प्रशासनिक कामकाज, व्यवस्थाओं और जनसमस्याओं के निस्तारण की स्थिति का गहन जायजा लिया। अपर आयुक्त ने तहसील परिसर में स्थित विभिन्न पटल और न्यायालयों का निरीक्षण करते हुए अदालती कार्यवाहियों का हाल जाना। उन्होंने लंबित फाइलों के रखरखाव, पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रिकॉर्ड और राजस्व मामलों की स्थिति की बारीकी से जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़ी फाइलों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शिता के साथ किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान अपर आयुक्त ने जनसुनवाई प्रणाली पर असंतोष जताया। उन्होंने बताया कि एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की रैंकिंग में औरैया तहसील प्रदेश में 34वें स्थान पर है। इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने अधिकारियों को रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। संवाद