अछल्दा। गांव गौतला में शनिवार शाम पत्थरबाजी व फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ में पकड़ लिया। दोनों के घुटने के नीचे गोली लगी है। वहीं मामले में
सात नामजद सहित 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पत्थरबाजी और फायरिंग की घटना में एसपी चारू निगम के निर्देश पर टीमों को गठित किया गया। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि रविवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली कि दो तुर्कपुर गांव आरोपियों पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे रोड पर कहीं भागने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने गोलियां चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैरों पर गोली मारी। इसके बाद घायलों को सीएचसी अछल्दा लेकर आया गया। पकड़े गए आरोपी अछल्दा निवासी ऋतिक और बल्ले हैं।
क्या है मामला
गांव गौतला निवासी गौतम सिंह यादव ने थाना में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार शाम पौने छह बजे के करीब वह अपने मकान पर चिनाई का काम करा रहा था। उसी समय बल्ले, गौरव, भूरे, छोटे, रितिक, कल्लू, लल्लू समेत 13 अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रामनाथ, जयकेश व अन्य लोगों पर पत्थरबाजी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच भूरे ने तमंचे से फायरिंग कर दी। पूर्व में विपक्षी लोगों में से एक युवक की पत्नी को उसका भतीजा अपने साथ ले गया था। इसके बाद से रंजिश चल रही थी।
वहीं घटनास्थल पर शांति व्यवस्था के लिए एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। इसके साथ ही थाना पुलिस भी तैनात की गई है। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर बलवा व जान से मारने के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।