ककोर (औरैया)। जिला मुख्यालय के निकट ग्राम पंचायत उसरारी के मजरा प्रतापपुर में रिश्तेदारी से झंडा चढ़ाने आए युवक को 1100 केवीए का करंट लग गया। चिचौली जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
कानपुर देहात जनपद के थाना सिकंदरा सखिन डेरा निवासी मंगल सिंह (19) पुत्र ओमप्रकाश अपने रिश्तेदार चौधरी सिंह के यहां गांव प्रतापपुर में बने शिव मंदिर पर झंडा चढ़ाने आया था। घटना के दौरान मंगल सिंह झंडा लिए मंदिर की ओर अन्य परिवारीजनों के साथ चल रहा था। इसी दौरान तेज हवा के बीच झंडा बिजली लाइन से छू गया। बांस में उतरे करंट से मंगल सिंह झुलसने लगा। किसी तरह वहां मौजूद लोगों ने मंगल को बांस से दूर किया। इसके बाद उसे चिचौली जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम प्रधान संत कुमार ने बताया तीन माह पहले एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी। उसके बाद ही बिजली विभाग से गांव के अंदर लाइन हटाने को कहा था, लेकिन उस समय भी अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी ने कोई ध्यान नहीं दिया और आज दोबारा से एक और युवक की जान चली गई। बिजली विभाग की लापरवाही गांव वालों पर भारी पड़ रही है।
अवर अभियंता विवेक खरे ने बताया युवक झंडा चढ़ाने आया था। बांस हरा होने के कारण 11000 की लाइन की चपेट में आ गया। यह लाइन गांव से निकली हुई है।