औरैया। जिला मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को जिला सलाहकार समिति/जिला स्तरीय पुर्ननिरीक्षण समिति की बैठक में गैरहाजिर शाखा प्रबंधकों के खिलाफ डीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीएम माला श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री की कामधेनु डेयरी योजना व मिनी कामधेनु योजना को जिले में लक्ष्य के अनुसार जल्द पूरा करने पर जोर दिया। इसके बाद सभी बैंकों की अग्रिम जमा अनुपात पर चर्चा की गई। पीएनबी, यूनियन बैंक आफ इंडिया, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स, कारपोरेशन बैंक को खास अभियान चलाकर जनपदीय औसत तक पहुंचाने की सलाह दी गई। डीएम ने बैठक में शाखा प्रबंधकों की अनुपस्थित पर नाराजगी जताते हुए जिला अग्रणी प्रबंधक पीके सिन्हा से बैठक में अनुपस्थित रहे प्रबंधकों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में पीके सिन्हा, शिवराज यादव, धीरेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।