खफा किसानों ने फूंका जेई का पुतला
अधिग्रहीत जमीन के मुआवजे के लिए चार दिन से धरने पर बैठे हैं किसान
dlअमर उजाला ब्यूरो
कंचौसी (औरैया)। जमीन का उचित मुआवजा न मिलने से यूपीएसआईडीसी परिसर में धरने पर बैठे किसानों ने सोमवार को जेई बीवी सिंह का पुतला फूंका। मौके पर पहुंचे दिबियापुर थानाध्यक्ष बृजमोहन ने उन्हें समझाबुझाकर शांत किया। यूपीएसआईडीसी के लिए अधिग्रहीत जमीन का किसानों को उचित मुआवजा न मिलने से उनमें जबरदस्त आक्रोश है। गुस्साए किसानों पिछले चार दिनों से अपनी मांग को पूरा कराने के लिए यूपीएसआईडीसी परिसर पर धरना दे रहे हैं। धरना के बाद भी आज तक यूपीएसआईडीसी के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने न तो उनकी मांग को पूरा किया और न ही उनकी समस्या जानने की कोशिश की। सोमवार को धरने पर बैठे आक्रोशित किसानों ने निगम के जेई बीवी सिंह का पुतला फूंककर अपनी भड़ास निकाली। निगम परिसर में पुतला फूंके जाने की जानकारी मिलते ही दिबियापुर थानाध्यक्ष बृजमोहन वर्मा ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया। उन्होंने परिसर में किसी भी प्रकार के गैर कानूनी कार्य करने पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी। किसानों ने बताया कि रविवार को इटावा क्षेत्र के सांसद प्रेमदास कठेरिया ने मौके पर आकर उनकी सकारात्मक मांगों को शासन से मंजूर कराने का आश्वासन दिया। मौके पर मौजूद जेई बीवी सिंह ने बताया कि उन्होंने अधीक्षण अभियंता यूपीएसआईडीसी मनमोहन को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया है। इस दौरान ओमकार राजपूत, आशाराम, संजू यादव, रविंद्र प्रताप, कृष्ण मुरारी, अब्दुल, अजीज, रामसेवक, कल्लू, वहीदा, नूरजहां आदि मौजूद रहे।