औरैया। जिले में नगर निकाय के 11 मई को होने वाले मतदान में सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुबह से शाम तक क्षेत्रों की सड़कों पर रूट मार्च कर लोगों में सुरक्षा का एहसास कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि भयमुक्त होकर मतदान करें। इन सब के बीच पुलिस ने 2216 ऐसे लोगों को चिन्हित कर पाबंद किया है, जिनसे माहौल बिगड़ने का खतरा है।
नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन पूरी पारदर्शिता बनाए हुए है। प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपनाने में लगे हुए हैं। दूसरी ओर पुलिस अराजकतत्वों पर भी नजर बनाए हुए है। सभी थानों व कोतवाली को निर्देश दिए गए थे कि वह ऐसे लोगों को चिन्हित करे, जिनसे चुनाव में माहौल बिगड़ने का खतरा है।
पुलिस ने कई तरह से जानकारियां जुटाने, आपराधिक रिकार्ड खंगालने के बाद 2216 लोगों को पाबंद किया है। इनमें से 353 का चालान किया गया है। पुलिस इन पर नजर रखे हुए है। जिसके क्षेत्र में कोई भी घटना घटित हुई उस क्षेत्र में पाबंद किए गए व्यक्ति पर कार्रवाई हो सकती है।
-
जिले भर में चुनाव से जुड़े क्षेत्र के थाना-कोतवाली में चुनाव में अशांति फैलाने वाले सशंकित लोगों को पाबंद करने की कार्रवाई की जा रही है। जिससे चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। ताकि निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराए जा सकें।
चारू निगम, एसपी, औरैया।