माध्यमिक शिक्षा विभाग प्रयागराज की ओर से शनिवार को तिलक इंटर काॅलेज में हाईस्कूल और इंटर कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित हुई। पंजीकृत 202 परीक्षार्थियों में 16 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा के दौरान निरीक्षण कर जायजा लिया।
बोर्ड की ओर से शहर के तिलक इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया। इस केंद्र पर परीक्षा को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थी। परीक्षा पारदर्शिता के साथ कराई जाए, इसके लिए डीआईओएस ने केंद्र प्रभारी को पहले ही निर्देश जारी कर दिए थे। शनिवार को आयोजित हुई परीक्षा में हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा सुबह आठ बजे से 11:15 बजे तक चली।
परीक्षा में पंजीकृत 55 परीक्षार्थियों में पांच अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटर की कंपार्टमेंट परीक्षा दोपहर दो बजे से 5:15 बजे तक चली। इंटर में पंजीकृत 147 परीक्षार्थियों में 12 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर जायजा लिया। (संवाद)