औरैया। निकाय चुनाव के लिए रविवार को नामांकन पत्रों की बिक्री और पर्चा दाखिल करने की प्रक्रिया जारी रही। अध्यक्ष पद पर 10 व सभासद पद पर 51 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। वहीं, अध्यक्ष पद के लिए कुल 20 व सदस्य के लिए कुल 25 पर्चों की बिक्री हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच बिधूना, अजीतमल और औरैया सदर तहसील में भी नामांकन प्रक्रिया चली।
जिले में सात निकायों और 104 वार्डों के लिए लोग शुभ मुहूर्त के साथ नामांकन करा रहे हैं। तहसील में नामांकन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। आरओ और एआरओ निगरानी के लिए तैनात हैं। नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक चली। औरैया नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप तिवारी, निर्दलीय प्रत्याशी सुलेखा, गोपाल बाबू, नगर पंचायत फफूंद से तनवीर, गीता ने अपना नामांकन दाखिल किया।
बिधूना तहसील में नगर पंचायत बिधूना से अध्यक्ष पद के लिए सपा से निवर्तमान चेयरमैन अमित कुमार ने सपा से टिकट न मिलने पर निर्दलीय नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश चंद्र मिश्रा, सोनी मिश्रा ने अपना नामांकन किया। अछल्दा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सातवें दिन निर्दलीय प्रत्याशी प्रसन्ना सिंह गौर ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल में सातवें दिन अटसू से बसपा प्रत्याशी ने नामांकन कराया।
तहसील अजीतमल से नगर पंचायत अजीतमल-बाबरपुर से सातवें दिन अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। वहीं, अटसू नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए बहुजन समाज पार्टी से राधारानी पत्नी प्रभात कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिले की औरैया, अजीतमल व बिधूना तहसील से अध्यक्ष पद के लिए 20 सेट व सभासद पद के लिए 26 सेटों की बिक्री हुई।