संभल के भैंसोड़ा निवासी शेर सिंह रावत की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव ससुर के घर मिला। मृतक की गजरौला के आजाद नगर में ससुराल है। वह आठ साल से ससुराल में ही रहता था। मृतक के भाई के मुताबिक वह जब मौके पर पहुंचे तो शरीर काला पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव भैंसोड़ा निवासी 35 वर्षीय शेर सिंह रावत पुत्र हरचरन सिंह रावत की गजरौला के आजाद नगर में ससुराल है। दस साल पूर्व उसकी शादी आजाद नगर मोहल्ला निवासी चतरा के साथ हुई थी। वह आठ साल से गजरौला में ही अपनी सास के मकान में किराए पर रहता था।
शुक्रवार की रात उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पाकर दस बजे मृतक के परिजन और गांव के लोग गजरौला आए। उन्होंने शेर सिंह की हत्या का आरोप लगाया। उनके फोन करने पर थाना पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी अरिहंत सिद्घार्थ का कहना है कि युवक की मौत का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।