हसनपुर। मध्यगंगा नहर में स्नान करते समय युवक की डूबकर मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव बेगपुर मुंडा निवासी बीनू (35) पुत्र महेंद्र सिंह मंगलवार दोपहर को गांव के नजदीक से गुजर रही मध्यगंगा नहर में स्नान करने गया था। इस दौरान गहरे पानी में जाकर वह डूब गया। आसपास स्नान कर रहे युवकों ने शोर मचाया तो ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। डूबे युवक की तलाश शुरू की गई। पानी का तेज बहाव होने की वजह से युवक बहता हुआ काफी आगे चला गया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल लिया गया। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़े हैं। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।