डिडौली (अमरोहा)। फैक्टरी में मजदूरी करने वाला 21 वर्षीय युवक अपने चाचा के मकान पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के पतेई खालसा में किसान प्रदीप गुप्ता का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी पूनम के अलावा तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा आशीष गुप्ता प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करता था। करीब तीन महीने से नौकरी छोड़कर घर पर ही था। शुक्रवार की शाम आशीष गुप्ता घर से लापता हो गया था। जिसके बाद वह शनिवार की सुबह अपने चाचा के मकान पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे अमरोहा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी रविवार को मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।