पेट्रोल पंप पर बुलट को पेट्रोल से नहलाता सनकी युवक
- फोटो : अमर उजाला
अमरोहा के हसनपुर में पेट्रोल पंप पर एक युवक द्वारा बाइक को पेट्रोल से नहलाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। युवक द्वारा नोजिल और पाइप को हाथ से पकड़कर पानी की तरह पेट्रोल बहाया जा रहा है। युवक की इस हरकत से भयानक हादसा हो सकता था। बाइक में आग भी लग सकती थी। इस युवक का एक और वीडिया सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें युवक बाइक से स्टंटबाजी करते हुए देखा जा रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें एक युवक द्वारा संभल अंड्डे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल भरवाने जाता है। वह युवक सेल्समैन से पांच सौ रुपये का तेल मशीन में भरवाता है। इसके बाद सेल्समैन के हाथ से नोजिल और पाइप अपने हाथ में लेकर बाइक को नहलाने लगता है। जैसे पानी के प्रेशर से बाइक की धुलाई करते हैं। उसी तरह से पेट्रोल से बाइक की धुलाई की गई।
इसका वीडियो भी खुद ही तैयार किया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। युवकों की पहचान करते हुए पकड़ लिया और थाने ले जाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में चर्चा है कि इस तरह से पेट्रोल से बाइक नहलाने की वजह से आग भी लग सकती थी। एक बड़ा हादसा हो सकता था। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि पेट्रोल से बाइकों नहलाने के मामले में तीन लोगों को पकड़ा है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।