अमरोहा जिले के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर पुरुष का कटा हुआ हाथ (बांह) मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हाथ को कब्जे में ले लिया है। वहीं, आशंका जताई जा रही है कि किसी ने युवक की हत्या कर शव को टुकड़ों में फेंका है। हालांकि, पुलिस ने आसपास क्षेत्र में काफी तलाश किया इस दौरान न तो शरीर का कोई और हिस्सा मिला और न शव बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये मामला सोमवार की सुबह करीब 10 बजे का है। हाईवे किनारे बुढ़नपुर से ढकिया गांव के बीच 20 से 35 साल की उम्र के बीच के पुरुष का एक हाथ पड़ा मिला। जिसे देखकर स्थान लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डिडौली इंस्पेक्टर पीके चौहान मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। एसपी अदित्य लांग्हे के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में छानबीन की। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि हाथ करीब दो-तीन दिन पहले कटा हुआ है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे हाईवे किनारे फेंका गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।