प्रेमिका के शादी से इन्कार करने पर युवक ने लगाया था फंदा
संवाद न्यूज एजेंसी
डिडौली। वेलेंटाइन डे की रात फंदे पर लटक कर युवक की मौत के मामले में चौंकाने वाल सच सामने आया है। वेलेंटाइन डे पर प्रपोज के दौरान प्रेमिका के शादी से इन्कार करने से नाराज युवक ने फंदे पर लटक कर जान दी थी। इतना ही नहीं उसने प्रेमिका को वीडियो कॉल भी की थी। इसकी पुष्टि पुलिस की जांच में हुई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया था, लेकिन पोस्टमार्टम में हैंगिंग आने के बाद परिजन शांत हो गए थे। असलियत सामने आने के बाद इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
14 फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखुपुरा गांव के जंगल में करीब 25 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटकता हुआ मिला था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मृतक की पहचान थानाक्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक रूप में हुई थी। मृतक युवक यू- ट्यूब पर सक्रिय रहता था। परिजनों के मुताबिक मृतक यूपी पुलिस की तैयारी कर रहा था। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अगले दिन परिजन इकट्ठा होकर कोतवाली पहुंच गए और हत्या करके शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया था। परिजनों ने मृतक के दोस्तों पर हत्या का शव शक जताया। लेकिन बाद में मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है। जिसे साफ हो गया था कि उसने आत्महत्या की थी।