अमरोहा। पहली बार आयोजित हो रहे अमरोहा महोत्सव की तीसरी शाम मशहूर सिंगर अल्ताफ राजा के नाम रही। उनके गीतों की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। गानों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति ने देर रात तक महफिल को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने तुम तो ठहरे परदेसी..., और फिर, इश्क और प्यार का मजा लीजिए... गीतों से आवाज का जादू बिखेरा।
राजकीय इंटर कॉलेज के मिनी स्टेडियम में 12 फरवरी से पहली बार अमरोहा महोत्सव का आयोजन किया गया जा रहा है। जिसमें रोजाना अलग अलग कलाकार अपनी प्रस्तुति से लोगों को दिल जीत रहे हैं। पहला दिन भजन गायिका स्वाति मिश्रा तो दूसरा दिन दिल्ली के साधो बैंड के नाम रहा। वहीं तीसरे दिन मशहूर गायक अल्ताफ राजा की गायकी का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोला। उनके गानों की प्रस्तुति ने लोगों को कार्यक्रम के आखिरी समय तक बांधकर रखा। उन्होंने - आवारा हवा का झोंका हूं निकला हूं पल दो पल के लिए, तुम तो ठहरे परदेशी साथ क्या निभाओगे, दिल का हाल सुने दिल वाला, यारों मैंने पंगा ले लिया, इश्क में हम तुम्हें क्या बताएं आदि सुनाए तो लोग झूमने के लिए मजबूर हो गए। अपने पसंदीदा कलाकार को सुनने के लिए मिनी स्टेडियम में शाम से ही लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के साथ जिले के उच्चाधिकारियों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम में मेला प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह, एसडीएम सदर सुधीर कुमार, ईओ डाॅ. बृजेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर विभा श्रीवास्तव, प्रशिक्षु एसडीएम विकास मित्तल, नगर पालिका चेयरमैन शशि जैन समेत तमाम अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
महोत्सव की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। मेला स्थल पर भी जगह जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिसका कंट्रोल रूम महोत्सव स्थल पर ही बनाया गया है। सीओ अरुण कुमार एवं सीओ ट्रैफिक अभिषेक यादव ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
महोत्सव में बच्चों को मनोरंजन के साधन खूब भा रहे हैं। बच्चे वहां लगे बड़े-बड़े झूलों एवं ऊंट की सवारी का जमकर आनंद ले रहे हैं। इसके अलावा खेल खिलौनों की दुकानों के साथ-साथ फास्टफूड एवं दूसरी चीजें बच्चों को खूब लुभा रहीं हैं।