बिजली विभाग के उपभोक्ताओं को समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। विभाग के अधिकारियों को समस्या सुनने के लिए दिन और समय निर्धारित कर दिए गए हैं।
मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं की बिजली विभाग संबंधी समस्या का खंड, मंडल और वितरण क्षेत्र स्तर पर समाधान किया जाएगा। विद्युत वितरण क्षेत्र के अमरोहा व बिजनौर के वितरण व परीक्षण के सभी अधिशासी अभियंता प्रत्येक सोमवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में बैठेंगे। विद्युत वितरण मंडल स्तर पर अधीक्षण अभियंता प्रत्येक सोमवार को दोपहर दो बजे से तीन बजे तक उपभोक्ताओं की शिकायत व समस्या सुनकर उसका निराकरण करेंगे। मुख्य अभियंता शाम को चार बजे से पांच बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर उपभोक्ताओं की शिकायत सुन कर उनकी समस्या का समाधान कराएंगे।