अमरोहा। जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंची महिला को धूप में बैठाकर बेटा पर्ची बनवाने चला गया। तभी अचानक महिला बेहोश होकर गिर गई। परिजन उसे इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। महिला पांच साल से सांस और टीबी की बीमारी से जूझ रही थी। थाना सैदनगली क्षेत्र के कस्बा उझारी निवासी आरिफ परिजनों के साथ मंगलवार को अपनी मां सैयदा का इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचा। अस्पताल परिसर में आरिफ अपनी मां को धूप में बैठाकर ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए चला गया। जहां कुछ देर बाद उसकी मां बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद उसे आनन-फानन में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने महिला को देखकर मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन रोने-पीटने लगे। महिला केे चार बेटे और पांच बेटियां हैं। चारों बेटे मजदूरी करते है। आरिफ ने बताया कि उसकी मां पांच साल से टीबी और सांस की बीमारी से पीड़ित थी। स्थानीय डॉक्टरों के पास इलाज चल रहा था।