गजरौला। प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज के चार साल बाद महिला पहले पति का घर छोड़ दूसरे प्रमी के साथ चली गई। वह डेढ़ महीने पूर्व अपने घर से अचानक गायब हो गई थी। महिला के पति की गुहार पर एसडीएम मंडी धनौरा ने उसे तलाश करने के लिए सर्च वारंट जारी किए। पुलिस ने बामुश्किल उसे हरिद्वार से बरामद कर एसडीएम के सामने पेश किया। जहां से वह दूसरे प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने चार साल पूर्व गांव की ही दूसरी बिरादरी की एक युवती के साथ कोर्ट मैरिज की। जिसके बाद दोनों गांव में रहते थे। बताया जाता है कि कुछ दिनों तक उनके बीच में सही संबंध रहे। बाद में कटुता आने लगी। दोनों के बीच रिश्ते में इस कदर खटास आई कि बीते नवंबर में ग्रामीण युवक की पत्नी अचानक उसे छोड़ कर चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी परिजनों को उसका सुराग नहीं मिला। युवक ने थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी एक युवक पर पत्नी को हरिद्वार में बंधक बना कर रखने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से बरामदगी की गुहार लगाई। जिसे एसडीएम मंडी धनौरा ने मामले को गंभीरा से लेते हुए उसके सर्च वारंट जारी किए। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई।
थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह ने इसकी जिम्मेदारी थाने में हाल ही में हसनपुर की मनौटा चौकी से आए विनोद कुमार गोले को सौंपी। उनको काफी खोजबीन के बाद यह सुराग मिला कि प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज करने वाली महिला अब हरिद्वार में अपने दूसरे प्रेमी के साथ रह रही है। पुलिस ने दबिश देकर उसे बरामद कर एसडीएम के न्यायालय में पेश किया। जहां से उसने अपने उसी प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई, जिसके साथ हरिद्वार में रह रही थी। दूसरा प्रेमी युवक थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी है। एसडीएम राजीव राज ने बताया कि महिला अपनी इच्छा से दूसरे प्रेमी के साथ चली गई।